हौज़ा न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, ग़ज़्ज़ा पट्टी से संबंध रखने वाले फ़िलिस्तीनी पत्रकार मोहम्मद हनिया ने विश्व क़ादिमून महासभा के तत्वावधान में आयोजित नौवें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'बेसअते उम्मते मोहम्मद (स)' को संबोधित किया। ग़ज़्ज़ा से अपने संबोधन में उन्होंने ग़ज़्ज़ा, बैतुल मुक़द्दस और मस्जिदे अक़्सा के बीच गहरे धार्मिक एवं ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका संबंध पैग़म्बरे इस्लाम (स) की मेराज की घटना से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फ़िलिस्तीन का मुद्दा केवल राजनीतिक मामला नहीं है, बल्कि यह मुसलमानों की धार्मिक पहचान और आस्थाओं से भी गहराई से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने ग़ज़्ज़ा की जनता पर हो रहे अत्याचारों के बावजूद इस्लामी जगत की ख़ामोशी और निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि दुनिया भर में हर साल इसरा और मेराज की याद में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, लेकिन वही उम्मत उन क्षेत्रों की तकलीफ़ों और नाकेबंदी पर ख़ामोश रहती है, जिनका इस घटना से गहरा संबंध है। उन्होंने कहा कि ग़ज़्ज़ा, पश्चिमी तट और क़ुद्स को एक-दूसरे से अलग करके नहीं देखा जा सकता। इन सभी क्षेत्रों को क़ब्ज़े, अवैध बस्तियों के निर्माण, फ़िलिस्तीनियों के विस्थापन और उनके घरों को तबाह किए जाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
फ़िलिस्तीनी पत्रकार ने ग़ज़्ज़ा में ज़ायोनी शासन के लगातार हमलों और सैन्य कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी कि युद्ध समाप्त होने की घोषणा का अर्थ यह नहीं है कि हमले और फ़िलिस्तीनियों को विस्थापित करने की योजनाएं भी समाप्त हो गई हैं। उन्होंने पश्चिमी तट और क़ुद्स में अवैध बस्तियों के विस्तार तथा फ़िलिस्तीनियों पर बढ़ते दबाव की ओर भी ध्यान दिलाया और मुसलमानों से इन क्षेत्रों के हालात पर लगातार नज़र रखने की अपील की।
मोहम्मद हनिया ने अपने संबोधन में लेबनान, सीरिया, ईरान, मिस्र और जॉर्डन सहित क्षेत्र के विभिन्न देशों के विरुद्ध ज़ायोनी शासन की धमकियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ज़ायोनी परियोजना का ख़तरा केवल फ़िलिस्तीन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और भविष्य को प्रभावित कर रहा है।
उन्होंने वर्तमान समय में इस्लामी जगत की सबसे बड़ी आवश्यकता धार्मिक और राजनीतिक मतभेदों, विशेष रूप से शिया और सुन्नी के बीच के मतभेदों को पीछे छोड़कर उम्मते इस्लामिया की साझा बातों पर ध्यान केंद्रित करना बताया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि आज सभी मुसलमानों और दुनिया के तमाम इंसाफ़पसंद लोगों को इस्लामी सरज़मीन की रक्षा और मज़लूमों के समर्थन के लिए एक साझा मोर्चे पर खड़ा होना चाहिए।
ग़ज़्ज़ा के इस पत्रकार ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि मौजूदा हालात केवल बयान जारी करने और सम्मेलन आयोजित करने से नहीं बदलेंगे। इसके लिए उम्मते इस्लामिया को आपसी एकजुटता, स्पष्ट और मज़बूत रुख़ अपनाने के साथ-साथ ज़ायोनी आक्रमणों का मुकाबला करने तथा फ़िलिस्तीनी जनता के समर्थन में व्यावहारिक कदम उठाने होंगे।
आपकी टिप्पणी